Bihar Politics

बिहार: 42 विधायकों को हाईकोर्ट नोटिस, जानें क्या है पूरा मामला

बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आए कई महीनों बाद भी चुनावी विवाद थम नहीं रहा है। विपक्षी पार्टियों ने बार-बार धांधली के आरोप लगाए हैं। इस बीच, पटना हाईकोर्ट में वोट चोरी और चुनावी हलफनामे में गलत जानकारी देने का मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट ने 42 विधायकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है, जिनमें विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव, पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा, विधायक चेतन आनंद और गोह के राजद विधायक अमरेंद्र प्रसाद समेत कई नाम शामिल हैं।

हारे हुए उम्मीदवारों की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने जीते हुए विधायकों से जवाब मांगा है। याचिकाओं में आरोप लगाया गया है कि एनडीए ने दस-दस हजार रुपये देकर वोट खरीदे, जबकि महागठबंधन ने ‘माई बहन योजना’ के तहत 2,500 रुपये का वादा कर वोट हासिल किया।

पटना हाईकोर्ट ने सभी विधायकों से दस्तावेज और साक्ष्य पेश करने को कहा है। यदि आरोप सही पाए गए, तो न केवल चुनावी नतीजों पर सवाल उठ सकते हैं, बल्कि कई विधायकों की सदस्यता पर भी खतरा मंडराने की संभावना है। राजनीतिक गलियारों में इस मामले को लेकर हलचल तेज हो गई है। अब आने वाले दिनों में कोर्ट में सभी पक्षों की दलीलें और सबूतों की पड़ताल होगी, जिससे साफ हो सकेगा कि चुनाव में कथित धांधली की कितनी पुष्टि होती है।