Bihar

बिहार चुनाव 2025: महागठबंधन में सीट बंटवारे पर नहीं बनी सहमति, कई सीटों पर आपसी टकराव के आसार

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन विपक्षी महागठबंधन में सीट बंटवारे पर अब तक सहमति नहीं बन पाई है। इसी कारण गठबंधन में शामिल कई पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इससे कई सीटों पर आपसी टकराव की स्थिति बन गई है।

नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 20 अक्टूबर है, लेकिन कुछ सीटों पर ‘दोस्ताना मुकाबले’ के हालात बने हुए हैं।

महागठबंधन में राजद (RJD), कांग्रेस, भाकपा (माले), माकपा, भाकपा और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, इन दलों के बीच एक दर्जन से अधिक सीटों पर अब भी सहमति नहीं बन पाई है।

राजद ने कुटुंबा सीट से सुरेश पासवान को टिकट दिया है, जबकि कांग्रेस ने उसी सीट से राजेश राम को उतारा है। इसी तरह वैशाली, लालगंज, बछवाड़ा और कहलगांव सीट पर भी दोनों दलों के बीच टकराव की स्थिति है।

वैशाली सीट से कांग्रेस ने संजीव सिंह और RJD ने अभय कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है। लालगंज में कांग्रेस ने आदित्य राज को, जबकि RJD ने मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी सिंह को टिकट दिया है।

महागठबंधन में सीटों का औपचारिक बंटवारा अभी नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि RJD 130-135, कांग्रेस 60, VIP 15 और वामदलों को 28-29 सीटें मिल सकती हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) भी कुछ सीटों की उम्मीद कर रहा है।

सीट विवाद के कारण VIP प्रमुख मुकेश सहनी गठबंधन छोड़ने के मूड में थे। वे 15 सीटों की मांग कर रहे थे, जबकि RJD 12 देने पर सहमत थी। बाद में राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सीट बंटवारे में देरी और आपसी टकराव से पार्टी को नुकसान हो सकता है। पहले चरण की कई सीटों पर अब महागठबंधन के दलों के बीच ही मुकाबला देखने को मिलेगा।

error: Content is protected !!