Bihar National Politics

बिहार विधानसभा चुनाव: दूसरे चरण के मतदान के लिए नामांकन शुरू, जानें प्रक्रिया

बिहार में विधानसभा चुनाव का माहौल चरम पर है और लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. इस बार चुनाव दो चरणों में होंगे. पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को 121 सीटों पर होगा, जबकि दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है, जो 20 अक्टूबर तक चलेगी. नामांकन पत्रों की जांच 21 अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार 23 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। मतगणना 14 नवंबर को होगी.

चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार राज्यभर में लगभग 7.42 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. खासकर भागलपुर, नाथनगर, सुल्तानगंज और पीरपैंती विधानसभा क्षेत्रों में वेब कास्टिंग, मतदाता सुविधाएं और जागरूकता अभियान (SVEEP) को लेकर विशेष निर्देश दिए गए हैं.

दूसरी ओर, महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर मतभेद गहराते जा रहे हैं. राजद पर सहयोगी दलों, कांग्रेस और वामदलों की परंपरागत सीटों को नजरअंदाज करने का आरोप है. यहां तक कि राजद उन सीटों पर भी दावा कर रहा है जहां से AIMIM के पूर्व विधायक अब उसके पाले में आ चुके हैं. कांग्रेस ने इसका विरोध जताते हुए इन सीटों पर दावेदारी ठोकी है. जानकारों के मुताबिक, पर्दे के पीछे जारी यह खींचतान कुछ सीटों पर “दोस्ताना संघर्ष” का रूप ले सकती है.