जैसे-जैसे बिग बॉस 19 का ग्रैंड फिनाले करीब आ रहा है, घर के अंदर का माहौल और भी रोमांचक हो गया है। इस बीच, मेकर्स ने शो से जुड़ी सबसे खास चीज का खुलासा कर दिया, जिसका इंतजार लंबे समय से फैंस और कंटेस्टेंट कर रहे थे – इस साल की चमचमाती ट्रॉफी। सलमान खान के लेटेस्ट एपिसोड में ट्रॉफी का पहला लुक नेशनल टीवी पर दिखाया गया, जिसे देख सबके होश उड़ गए।
इस सीजन की ट्रॉफी पिछले सालों से बिल्कुल अलग और बेहद भव्य दिखाई दे रही है। ट्रॉफी का ऊपरी हिस्सा दो हाथों के आकार में तैयार किया गया है, जो पूरी तरह सिल्वर क्रिस्टल या कुंदन से जड़े हुए हैं। ये हाथ ऊपर की ओर ‘A’ की आकृति बनाते हैं, जो जीत के शिखर को दर्शाता है। दोनों हाथों के बीच शो का ‘बीबी’ (बिग बॉस) लोगो सुनहरे रंग में मजबूती से खड़ा है, जो सिल्वर हाथों के साथ शानदार कंट्रास्ट बना रहा है।
इस ट्रॉफी का डिज़ाइन इस साल के थीम ‘घरवालों की सरकार’ से प्रेरित है। सीजन 19 के शुरुआती प्रोमो में भी सलमान खान दो हाथों से शिखर का इशारा करते नजर आए थे। ट्रॉफी के निचले काले बेस पर बड़े अक्षरों में लिखा है ‘विनर – बिग बॉस 19’, जिसमें एक तरफ जियो हॉटस्टार का लोगो और दूसरी तरफ बिग बॉस की आंख दिखाई दे रही है।
फिनाले वीक में टॉप 5 फाइनलिस्ट – गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट, प्रणित मोरे, तान्या मित्तल और अमाल मलिक – को एक विशेष असेंबली रूम में बुलाया गया और पहली बार उन्हें यह शानदार ट्रॉफी दिखाई गई। जैसे ही लाइट्स इस पर पड़ीं, पूरे कमरे में चमक फैल गई, और सभी कंटेस्टेंट की नजरें बस इसी पर टिक गईं। यह ट्रॉफी घरवालों को याद दिलाने के लिए काफी है कि खेल अपने आखिरी मोड़ पर है। 7 दिसंबर को होने वाले ग्रैंड फिनाले में, कोई एक फाइनलिस्ट इस भव्य ट्रॉफी को अपने हाथ में उठाने का गौरव प्राप्त करेगा।









