प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितंबर को मणिपुर का दौरा कर सकते हैं, और इस यात्रा से पहले केंद्र सरकार को एक बड़ी कामयाबी मिली है. मणिपुर में लंबे समय से बंद पड़े नेशनल हाईवे-2 को फिर से खोलने पर कुकी-जो काउंसिल और गृह मंत्रालय के बीच सहमति बन गई है. इसके साथ ही शांति बहाली को लेकर भी कई अहम समझौते हुए हैं.
मणिपुर हिंसा के बाद से कुकी समुदाय ने NH-2 को बंद कर दिया था. यह हाईवे राज्य की राजधानी इंफाल को चुराचांदपुर और कांगपोकपी जैसे इलाकों से जोड़ता है और इसे राज्य की “लाइफलाइन” कहा जाता है. अब इसे खोलने का फैसला मणिपुर में हालात सामान्य करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
गृह मंत्रालय ने कहा कि कुकी-जो काउंसिल अब सुरक्षा बलों के साथ मिलकर काम करेगी और NH-2 पर शांति बनाए रखने में मदद करेगी. इसके लिए एक ज्वाइंट मॉनिटरिंग ग्रुप बनाया गया है, जो निगरानी रखेगा कि कोई समझौते का उल्लंघन न हो. इससे पहले गृह मंत्रालय की टीम कई महीनों से मणिपुर में हिंसा से जुड़े गुटों के साथ बातचीत कर रही थी. अब पीएम मोदी के दौरे से पहले NH-2 का फिर से खुलना सरकार की एक बड़ी कूटनीतिक जीत मानी जा रही है.









