देश में एलपीजी की आपूर्ति संकट के बीच बड़ी राहत की खबर है। ईरान से विशेष अनुमति मिलने के बाद, होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत के लिए एलपीजी लेकर चलने वाला दूसरा बड़ा जहाज ‘नंदा देवी’ सुरक्षित रूप से गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पहुंच चुका है। यह जहाज 47,000 मीट्रिक टन एलपीजी लाया है, जो घरेलू गैस आपूर्ति को सहज बनाएगा।
इससे पहले, सोमवार को ‘शिवालिक’ जहाज भी एलपीजी लेकर भारत पहुंचा था। लगातार दो दिनों में ये आपूर्ति देश के लिए राहत का संकेत मानी जा रही है। वहीं, इसी सप्ताह ‘जग लाडली’ नामक जहाज भी भारत पहुँचने वाला है, जिसमें कच्चा तेल लोड है।
एलपीजी आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी थी क्योंकि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और रणनीतिक जल मार्गों पर जोखिम की वजह से भारत की इम्पोर्ट सप्लाई बाधित हो सकती थी। हालाँकि, भारत और ईरान के बीच कई दौर की बातचीत और फोन वार्ता के बाद यह समस्या दूर हो पाई। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और ईरानी समकक्ष के बीच हुए वार्ता ने सुनिश्चित किया कि भारतीय जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर सकें।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में एलपीजी की मांग को देखते हुए आपूर्ति बढ़ाने के लिए सरकारी तेल कंपनियों ने उत्पादन में 36 प्रतिशत का इजाफा किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएनजी, सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पर कोई असर नहीं पड़ा है और देश के किसी हिस्से में कोई कमी नहीं है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन जहाजों की निरंतर आपूर्ति घरेलू गैस संकट को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और उपभोक्ताओं को राहत देगी।









