Himachal Shimla

हिमाचल में निवेश की बड़ी छलांग: 37 कंपनियों ने 10 हजार करोड़ के एमओसी किए

हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक निवेश को नई गति मिली है। राजधानी शिमला के पीटरहॉफ में आयोजित हिम एमएसएमई फेस्ट के दौरान देश-विदेश की 37 नामी कंपनियों ने राज्य सरकार के साथ करीब 10,000 करोड़ रुपये के मेमोरेंडम ऑफ कमिटमेंट (एमओसी) पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने की, जबकि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी मौजूद रहे।

इन एमओसी में सबसे बड़ा हिस्सा फार्मा सेक्टर का रहा, जहां 11 कंपनियों ने 4,263 करोड़ रुपये के निवेश का करार किया। रक्षा क्षेत्र की सात कंपनियों ने 2,750 करोड़ रुपये निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई। ये कंपनियां हिमाचल में रक्षा उपकरण, ड्रोन, टैंक के कलपुर्जे, तोप के गोले, विमान रिसाइकलिंग और अन्य सैन्य उत्पादों का निर्माण करेंगी।

डाटा सेंटर सेक्टर में 700 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिसमें एआई आधारित सेवाएं और तकनीकी समाधान विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा ग्रीन मोबिलिटी, ईवी चार्जिंग, फूड प्रोसेसिंग, होटल, रिसाइकलिंग, नवीकरणीय ऊर्जा और मेटल एंड एलॉय जैसे क्षेत्रों में भी निवेश होगा। मोनोवर्ड ग्रुप ने पांच सितारा होटल और रिसाइकलिंग प्लांट के लिए जमीन की मांग की है, जबकि रूस की आईलया कंपनी ने फार्मा उद्योग स्थापित करने में रुचि दिखाई है। उद्योगपतियों ने सस्ती बिजली और धारा-118 के सरलीकरण की मांग भी रखी।