Business

कोऑपरेटिव मॉडल के साथ ‘भारत टैक्सी’ की एंट्री, ओला-उबर को चुनौती

भारत में कैब सेवाओं के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई है। पूरी तरह सहकारी मॉडल पर आधारित ‘भारत टैक्सी’ ऐप का आज नई दिल्ली में औपचारिक शुभारंभ किया गया। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दोपहर 3 बजे दिल्ली-एनसीआर में इस सेवा को लॉन्च किया। इस पहल का मकसद ड्राइवरों को निजी कंपनियों के भारी कमीशन से राहत देना और यात्रियों को किफायती व भरोसेमंद सफर उपलब्ध कराना है।

यह प्लेटफॉर्म सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित है, जिसमें ड्राइवर ही मालिक और भागीदार हैं। हर ड्राइवर कोऑपरेटिव के शेयरधारक बनते हैं और प्रति राइड कमीशन देने के बजाय रोजाना 30 रुपये तय शुल्क देते हैं। इससे किराए कम रखने में मदद मिलती है और यात्रियों को निजी ऐप्स की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत तक सस्ती सेवा मिलने की उम्मीद है।

ऐप में सुरक्षा पर भी खास ध्यान दिया गया है। हेल्पलाइन, पुलिस सहयोग और ड्राइवर वेरिफिकेशन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। दिसंबर 2025 में शुरू हुए पायलट चरण में इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, जिसके बाद अब इसका विस्तार किया जा रहा है।