माता वैष्णो देवी के दर्शन करने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए श्रद्धालु सुरक्षा और सुव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए श्राइन बोर्ड ने नए नियम लागू कर दिए हैं। अब यात्रा शुरू करने से पहले सभी श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन करना और आरएफआईडी ट्रैवल कार्ड प्राप्त करना अनिवार्य है।
नए नियमों के अनुसार, ट्रैवल कार्ड लेने के बाद श्रद्धालु को केवल 10 घंटे के भीतर यात्रा शुरू करनी होगी। साथ ही, यात्रा पूरी करने के बाद 24 घंटे के भीतर कटरा बेस कैंप वापस लौटना भी जरूरी है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
पहले श्रद्धालु ट्रैवल कार्ड लेने के 12 घंटे के भीतर यात्रा शुरू कर सकते थे और यात्रा पूरी करने की कोई निर्धारित समय सीमा नहीं थी। अब यह व्यवस्था बदल गई है। नए आदेश का पालन सभी यात्रा माध्यमों – हेलीकॉप्टर, बैटरी कार और पैदल – के लिए अनिवार्य होगा।
श्राइन बोर्ड ने यह कदम नए साल की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रा को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से उठाया है। बोर्ड का कहना है कि इन नियमों से न केवल भक्तों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की भगदड़ की संभावना को भी रोका जा सकेगा।









