National

ITR से पहले जान लें: फॉर्म 16 बनेगा फॉर्म 130, 26AS अब होगा 168

Income Tax Department ने ड्राफ्ट इनकम टैक्स रूल्स 2026 जारी कर दिए हैं, जो नए Income Tax Act 2025 के तहत 1 अप्रैल से लागू होने की तैयारी में हैं। इन बदलावों का असर सभी टैक्सपेयर्स, खासकर सैलरीड कर्मचारियों पर पड़ेगा।

क्या बदलेगा?

सबसे बड़ा बदलाव टैक्स फॉर्म्स के नाम और नंबर में किया गया है:

  • फॉर्म 16 अब फॉर्म 130 कहलाएगा।
  • फॉर्म 26AS अब फॉर्म 168 के नाम से जाना जाएगा।

फॉर्म 16 (अब 130) वह दस्तावेज है जो नियोक्ता हर साल 15 जून तक जारी करता है, जिसमें कर्मचारी की आय, टीडीएस और टैक्स डिडक्शन की जानकारी होती है। वहीं फॉर्म 26AS (अब 168) में पूरे साल के टैक्स लेन-देन—जैसे टीडीएस, टीसीएस, एडवांस टैक्स और रिफंड—का विवरण होता है। फॉर्म नंबर बदलने के बावजूद टैक्स नियम और डेडलाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। यानी टैक्स पॉलिसी और कंप्लायंस पहले की तरह ही रहेंगे। नए नियमों में “प्रीवियस ईयर” और “असेसमेंट ईयर” की जगह अब सिर्फ ‘टैक्स ईयर’ शब्द का इस्तेमाल होगा। उदाहरण के तौर पर नए फॉर्म में टैक्स ईयर 2026-27 लिखा जाएगा, जिससे भ्रम कम होगा।

 सुझाव देने का मौका

ड्राफ्ट नियमों पर टैक्सपेयर्स, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और विशेषज्ञ 22 फरवरी तक अपनी राय दे सकते हैं। इसके बाद विभाग सुझावों के आधार पर अंतिम नियम जारी करेगा। कुल मिलाकर, नया टैक्स सिस्टम ज्यादा सरल और कम भ्रम वाला बनाने की दिशा में यह अहम कदम माना जा रहा है।