National

27 सितंबर को देशभर में बैंक रहेंगे बंद, जानिए इस महीने की बाकी छुट्टियां

त्योहारों के सीजन में बैंक छुट्टियों को लेकर ग्राहकों की चिंता बढ़ना लाज़मी है. अगर आपने 27 सितंबर को कोई बैंकिंग काम निपटाने की योजना बनाई है, तो यह खबर आपके लिए ज़रूरी है. 27 सितंबर, शनिवार को देशभर के बैंक बंद रहेंगे, क्योंकि यह महीने का चौथा शनिवार है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को सभी सरकारी और निजी बैंक बंद रहते हैं. ऐसे में ग्राहकों को अपने काम पहले ही निपटाने की सलाह दी जा रही है. सितंबर में आगे भी कुछ छुट्टियां पड़ने वाली हैं, जो खासतौर पर कुछ राज्यों में बैंकिंग सेवाओं को प्रभावित करेंगी.

29 सितंबर (सोमवार): महासप्तमी के मौके पर कोलकाता, गुवाहाटी और अगरतला में बैंक बंद रहेंगे.

30 सितंबर (मंगलवार): दुर्गा अष्टमी के चलते कई शहरों – जैसे भुवनेश्वर, रांची, पटना, इम्फाल, जयपुर और कोलकाता – में बैंक नहीं खुलेंगे.

इसका मतलब है कि कुछ राज्यों में लगातार दो दिन बैंक बंद रह सकते हैं, जिससे कामकाज पर असर पड़ेगा. ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे छुट्टियों से पहले अपने ज़रूरी बैंकिंग कार्य जैसे कैश ट्रांजैक्शन, चेक क्लीयरिंग, पासबुक अपडेट आदि निपटा लें. हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग और UPI सेवाएं इन छुट्टियों के दौरान भी काम करती रहेंगी, जिससे डिजिटल ट्रांजैक्शन में कोई रुकावट नहीं आएगी.