बैंक ऑफ इंडिया (BOI) ने देश के विभिन्न राज्यों में अप्रेंटिसशिप के 400 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 दिसंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट bankofindia.co.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 10 जनवरी 2026 तय की गई है।
इस भर्ती में वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक की डिग्री हासिल की हो। डिग्री वर्ष 2021 से 2025 के बीच पूरी होनी चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 20 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी। आयु की गणना 1 दिसंबर 2025 के आधार पर की जाएगी।
आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को bfsissc.com/boi.php पोर्टल पर जाकर NATS पोर्टल के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 800 रुपये, एससी/एसटी और महिला उम्मीदवारों के लिए 600 रुपये तथा दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 400 रुपये निर्धारित किया गया है। भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।









