National World

बलूचिस्तान के लोगों ने वैश्विक कूटनीतिक अभियान की घोषणा की,एस. जयशंकर को लिखा पत्र

बलूचिस्तान के लोगों ने पाकिस्तान से अलग होकर स्वतंत्र राज्य बनाने का कदम उठाया है। प्रमुख मानवाधिकार कार्यकर्ता मीर यार बलूच ने मई 2025 में “बलूचिस्तान गणराज्य” की स्थापना की घोषणा की थी। अब उन्होंने 2026 के पहले सप्ताह को “बलूचिस्तान ग्लोबल डिप्लोमैटिक वीक” के रूप में मनाने की योजना बनाई है, जिसके तहत बलूचिस्तान सीधे दुनिया के देशों के साथ संवाद करेगा। इस अभियान के तहत मीर यार बलूच ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखा और बलूचिस्तान की जनता के भारत के प्रति समर्थन की पुष्टि की।

पत्र में उन्होंने पाकिस्तान के कब्जे और मानवाधिकार उल्लंघनों के 79 सालों का जिक्र करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि बलूचिस्तान की संप्रभुता और स्थायी शांति सुनिश्चित की जाए। मीर बलूच ने भारत और बलूचिस्तान के बीच सुरक्षा, व्यापार, ऊर्जा और रक्षा सहयोग पर जोर दिया। उन्होंने चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) को क्षेत्रीय खतरे के रूप में भी देखा और चेतावनी दी कि बलूचिस्तान में चीनी सैन्य तैनाती दोनों देशों के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती होगी। मीर यार बलूच बलूच मानवाधिकार कार्यकर्ता और स्वतंत्र बलूचिस्तान आंदोलन के प्रतिनिधि हैं, जो अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार बलूचिस्तान की स्वतंत्रता और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।