Uttrakhand

बदरीनाथ धाम के कपाट खोलने की तारीख तय, जानिए कब होंगे दर्शन शुरू?

वसंत पंचमी के पावन अवसर पर भगवान बदरीविशाल धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित कर दी गई है। परंपरा के अनुसार, बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को सुबह 6:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं के लिए विधि-विधान के साथ खोल दिए जाएंगे।

गुरुवार को डिम्मर गांव से डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के सदस्य गाडू घड़ा लेकर ऋषिकेश रवाना हुए थे। शुक्रवार को यह यात्रा नरेंद्रनगर राजदरबार पहुंची, जहां महाराजा मनुजेंद्र शाह की उपस्थिति में पंचांग पूजा के बाद कपाटोद्घाटन की तिथि की औपचारिक घोषणा की गई। इससे पहले श्री लक्ष्मी-नारायण मंदिर, डिम्मर में पुजारियों और आचार्यों ने गाडू घड़ा का विष्णु सहस्त्रनाम से महाभिषेक कर बाल भोग अर्पित किया और भगवान बदरीविशाल के जयकारों के साथ यात्रा की शुरुआत हुई।

कपाट खुलने की तिथि घोषित होते ही चारधाम यात्रा की तैयारियों ने भी गति पकड़ ली है और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।