क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बोर्ड ने भारत के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में बड़ा फैसला लिया है. टीम के स्टार ओपनर ट्रेविस हेड को बाकी बचे दोनों मैचों से रिलीज कर दिया गया है. बोर्ड ने यह कदम खिलाड़ियों के वर्कलोड को संतुलित करने और आगामी एशेज सीरीज की तैयारी के मद्देनजर उठाया है. हेड अब घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट में हिस्सा लेंगे और अगले सप्ताह तस्मानिया के खिलाफ साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए शेफील्ड शील्ड मैच खेलेंगे. यह हेड का जुलाई में वेस्टइंडीज दौरे के बाद पहला प्रथम श्रेणी मैच होगा.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज चल रही है. अब तक तीन मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें पहला बारिश से रद्द हुआ, दूसरा ऑस्ट्रेलिया ने और तीसरा भारत ने जीता. इस सीरीज के बचे हुए मुकाबलों में हेड की गैरमौजूदगी टीम इंडिया के लिए राहत की बात है. उन्होंने दूसरे मैच में 15 गेंदों में 28 रन बनाए थे, जबकि तीसरे मैच में केवल 6 रन ही बना सके.
इस दौरान क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शैफील्ड शील्ड के अगले राउंड में अन्य प्रमुख खिलाड़ियों को भी शामिल किया है. स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड न्यू साउथ वेल्स के लिए खेलेंगे, वहीं ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन क्वींसलैंड के खिलाफ WACA ग्राउंड पर उतरेंगे. यह कदम एशेज के पांच टेस्ट मैचों के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने और उनके खेल को बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा है.









