टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच खेला जाना वाला ग्रुप स्टेज मुकाबला लगातार बारिश के कारण बिना टॉस हुए ही रद्द कर दिया गया। करीब ढाई घंटे इंतजार के बाद मैच कैंसिल हुआ और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। इस एक अंक के साथ जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो गया। यह मुकाबला खासतौर पर ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहद अहम था, क्योंकि जिम्बाब्वे की हार से ही उसकी आगे बढ़ने की उम्मीदें कायम रह सकती थीं। लेकिन बारिश ने कंगारू टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
जिम्बाब्वे ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने पहले ही ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया था, जबकि ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका के खिलाफ भी हार झेलनी पड़ी थी। इतिहास रचते हुए जिम्बाब्वे पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में पहुंची है। इससे पहले 2022 में टीम सुपर-12 तक पहुंची थी। अब सुपर-8 में भारत, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे अपनी जगह बना चुके हैं। आखिरी स्थान के लिए पाकिस्तान और यूएसए के बीच मुकाबला तय करेगा कि कौन आगे बढ़ेगा।









