World

कनाडा में भारतीय फिल्मों पर हमले तेज़, थिएटर में आगजनी और गोलीबारी से बढ़ी चिंता

कनाडा में भारतीय फिल्मों को लेकर हालात चिंताजनक हो गए हैं. ओंटारियो के ओकविल शहर में दो अलग-अलग घटनाओं में एक फिल्म थिएटर को पहले आगजनी और फिर गोलीबारी का निशाना बनाया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 25 सितंबर को दो नकाबपोश लोगों ने थिएटर के मुख्य गेट पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे संपत्ति को भारी नुकसान हुआ. घटना सीसीटीवी में कैद हुई, लेकिन सौभाग्य से किसी को चोट नहीं आई. इसके ठीक एक हफ्ते बाद, 2 अक्टूबर को उसी थिएटर के बाहर गोलीबारी की गई.

पुलिस दोनों घटनाओं को एक-दूसरे से जुड़ा मान रही है और जांच जारी है. थिएटर के सीईओ का कहना है कि उनके थिएटर पर पहले भी भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग के चलते हमले हो चुके हैं. इस बार भी हमलों के पीछे खालिस्तान समर्थकों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, जो भारतीय संस्कृति और फिल्मों के खिलाफ साजिश रचते रहे हैं.

इन घटनाओं के बाद थिएटर प्रबंधन ने सुरक्षा को देखते हुए दो भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग अस्थायी रूप से रोक दी है. प्रबंधन का कहना है कि वे डर के आगे नहीं झुकेंगे, लेकिन दर्शकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है. इससे पहले टोरंटो और ब्रिटिश कोलंबिया में भी इसी तरह के हमले हो चुके हैं, जिससे कनाडा में भारतीय समुदाय में चिंता का माहौल है.