केरलम के मलप्पुरम जिले के वांडूर में कांग्रेस सांसद और लेखक शशि थरूर के काफिले पर आज अचानक हमला हुआ। चुनावी प्रचार के दौरान उनकी गाड़ी को बीच सड़क पर रोक दिया गया और हमलावरों ने गाड़ी पर हाथ-पैर चलाकर नुकसान पहुंचाया। इस दौरान उनके सुरक्षा गार्ड (गनमैन) के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। घटना के समय थरूर यूडीएफ (United Democratic Front) के उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के समर्थन में प्रचार करने वांडूर में मौजूद थे। उनके काफिले में दो वाहन थे और वे पहले वाहन में सवार थे। करीब 8-10 हमलावरों ने अचानक उनकी गाड़ी को रोककर आक्रामक व्यवहार किया।
स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले को नियंत्रित किया। वांडूर पुलिस थाने में FIR दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है। पुलिस CCTV फुटेज और गवाहों के बयान भी खंगाल रही है। थरूर की टीम ने इसे सुनियोजित हमला करार दिया है और कहा है कि चुनावी प्रचार के दौरान विपक्षी तत्वों द्वारा अराजकता फैलाने का यह प्रयास हो सकता है। राजनीतिक सुरक्षा व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया पर इस घटना से गंभीर सवाल उठते हैं। केरलम विधानसभा चुनाव कुछ ही दिनों में होने हैं, और इस तरह की हिंसात्मक घटनाएं न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं बल्कि शांतिपूर्ण चुनावी माहौल को भी चुनौती देती हैं।









