Maharashtra

महाराष्ट्र के यवतमाल और अहिल्यानगर में ATS की छापेमारी, आतंकी गतिविधियों के शक में तलाशी अभियान

महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) ने खुफिया जानकारी के आधार पर यवतमाल और अहिल्यानगर जिलों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। जानकारी मिली थी कि कुछ युवाओं को आतंकी संगठनों से जोड़कर सक्रिय किया जा रहा है। एटीएस ने दोनों जिलों में 21 ठिकानों पर छापेमारी की और कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। यवतमाल के पुसद और उमरखेड़ में 14 स्थानों और अहिल्यानगर में सात स्थानों पर अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान संदिग्धों के घर, कार्यालय और अन्य स्थानों पर दस्तावेज, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

अधिकारीयों ने बताया कि आपत्तिजनक दस्तावेज और सामग्री बरामद हुई है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस अभियान में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और एटीएस कर्मचारी तैनात किए गए। एटीएस का उद्देश्य युवाओं के कट्टरपंथीकरण को रोकना और संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाना है। राज्य में यह कदम आतंकवाद और चरमपंथ से निपटने के लिए गंभीर कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है।