National

अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती: ‘सदैव अटल’ स्मारक पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित ‘सदैव अटल’ स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अनेक नेताओं ने वाजपेयी के राष्ट्रहित को समर्पित जीवन को याद किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर अटल बिहारी वाजपेयी को भारतीय राजनीति का आदर्श राजनेता बताते हुए कहा कि उनका आचरण, गरिमा और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि नेतृत्व पद से नहीं, बल्कि आचरण से परिभाषित होता है, और अटल जी का सार्वजनिक जीवन इसका सशक्त उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वाजपेयी का जीवन और विचार देश के विकास के लिए पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे। उन्होंने संस्कृत के एक सुभाषित का उल्लेख करते हुए कहा कि महान नेताओं के कर्म समाज को दिशा देते हैं, जो अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।