देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज हो सकता है। चुनाव आयोग (ECI) आज शाम 4 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा, जिसमें पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में होने वाले चुनावों की तारीखों की घोषणा होने की संभावना है।
चुनाव आयोग की इस घोषणा के साथ ही इन राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। देश के इन पांच राज्यों में मई तक विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
- पश्चिम बंगाल: 7 मई
- तमिलनाडु: 10 मई
- असम: 20 मई
- केरल: 23 मई
- पुडुचेरी: 15 जून
इसलिए चुनाव आयोग अप्रैल के अंत तक इन राज्यों में चुनाव कराने पर विचार कर सकता है।
राज्यों में सीटों का विवरण और पिछली स्थिति:
- पश्चिम बंगाल: 294 सीटें। 2021 में 8 चरणों में चुनाव हुए थे। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने 215 सीटें जीतकर सरकार बनाई, बीजेपी ने 77 सीटें जीती।
- तमिलनाडु: 234 सीटें। 2021 में एक ही चरण में चुनाव हुए। DMK ने 133, अन्नाद्रमुक 66 और बीजेपी 5 सीटें जीतीं।
- केरल: 140 सीटें। 2021 में LDF ने 99 और UDF ने 41 सीटें जीतीं। पिनाराई विजयन दूसरी बार मुख्यमंत्री बने।
- असम: 126 सीटें। पिछली बार तीन चरणों में चुनाव हुए। बीजेपी नेतृत्व वाले NDA ने 75 सीटें जीतकर सरकार बनाई, हिमंता बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री बने।
- पुडुचेरी: 30 सीटें। 2021 में एक ही चरण में चुनाव हुए। NDA ने 16 सीटें जीतकर सरकार बनाई, यूपीए ने 9 सीटें जीती। एन. रंगास्वामी मुख्यमंत्री बने।
चुनाव आयोग इस बार कम से कम चरणों में मतदान कराने पर विचार कर रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया तेज़ और सुचारू हो सके।









