असम विधानसभा चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। यह घोषणा पार्टी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मार्गदर्शन में की गई। इस सूची में कुल 7 उम्मीदवारों को अलग-अलग विधानसभा सीटों से मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने मांडिया (बारपेटा) से शेरमन अली अहमद, हाजो-सुअलकुची (एससी) से रोजी अहमद, गुवाहाटी सेंट्रल से अविजीत मजूमदार, चाबुआ-लाहोवाल से इनुस कुमार कंदापन, मरियानी से परेश बोरा, करीमगंज नॉर्थ से परिमल रंजन रॉय और करीमगंज साउथ से अजीज अहमद खान को टिकट दिया है।
इसके साथ ही पहली सूची में शामिल चामरिया सीट के एक उम्मीदवार की उम्मीदवारी वापस ले ली गई है। इससे पहले पार्टी 17 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। पार्टी ने सभी उम्मीदवारों को जनता की सेवा और विश्वास जीतने की अपील के साथ शुभकामनाएं दी हैं। असम विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं, जिनमें 9 सीटें अनुसूचित जाति और 19 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। राज्य में सभी सीटों पर एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।









