National World

इथियोपिया ज्वालामुखी विस्फोट की राख भारत पहुँची, स्वास्थ्य जोखिम बढ़े; दिल्ली में 50% वर्क फ्रॉम होम लागू

उत्तरी इथियोपिया के अफ़ार क्षेत्र में लंबे समय से शांत पड़े हेली गुब्बी ज्वालामुखी के अचानक सक्रिय होने से भारत तक स्वास्थ्य संबंधी चिंताएँ बढ़ गई हैं। सप्ताहांत में हुए विस्फोट के दौरान राख का विशाल गुबार लगभग 14 किलोमीटर ऊँचाई तक पहुँच गया और हवा के साथ लाल सागर पार करते हुए यमन, ओमान, पाकिस्तान से होते हुए सोमवार देर रात उत्तरी भारत के कुछ इलाकों में प्रवेश कर गया। यह राख मंगलवार शाम तक भारत के आसमान से निकलने की संभावना है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने उड़ानों की सुरक्षा को देखते हुए एयरलाइनों को प्रभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

विशेषज्ञों के अनुसार ज्वालामुखीय राख महीन चट्टान, खनिज, काँच और सल्फर डाइऑक्साइड जैसे तत्वों से बनी होती है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इसके संपर्क में आने से आँख, त्वचा और श्वसन तंत्र में जलन, खांसी, गले में दर्द और थकान जैसे लक्षण हो सकते हैं। अस्थमा और ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोगों पर इसका प्रभाव अधिक गंभीर हो सकता है। इस बीच, दिल्ली में प्रदूषण स्तर बढ़ने के चलते सरकार ने GRAP-3 के तहत नया निर्देश जारी किया है, जिसके अनुसार सरकारी और निजी कार्यालयों में केवल 50% कर्मचारी ही उपस्थिति देंगे, जबकि बाकी को अनिवार्य रूप से वर्क फ्रॉम होम करना होगा।