World

आर्टेमिस-II मिशन सफल, 10 दिन बाद चार अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित धरती पर लौटे

नासा का ऐतिहासिक आर्टेमिस-II मिशन सफलतापूर्वक पूरा हो गया है, जिसमें चार अंतरिक्ष यात्रियों ने चंद्रमा के करीब तक यात्रा कर सुरक्षित वापसी की। 1 अप्रैल 2026 को फ्लोरिडा के केनेडी स्पेस सेंटर से प्रक्षेपित रॉकेट ने ‘ओरियन’ अंतरिक्ष यान को गहरे अंतरिक्ष की ओर भेजा था। 10 दिन के इस मिशन के बाद 11 अप्रैल की सुबह भारतीय समयानुसार लगभग 5:30 बजे यान प्रशांत महासागर में सुरक्षित लैंड हुआ, जिससे मिशन का सफल समापन हुआ।

इस मिशन में नासा के कमांडर रीड विजमैन, पायलट विक्टर ग्लोवर, अंतरिक्ष यात्री क्रिस्टीना कोच और कनाडा के जेरेमी हैंसन शामिल थे। विक्टर ग्लोवर पृथ्वी की निचली कक्षा से बाहर जाने वाले पहले अश्वेत व्यक्ति बने, जबकि क्रिस्टीना कोच चंद्रमा के सबसे नजदीक पहुंचने वाली पहली महिला बनीं। जेरेमी हैंसन इस मिशन में शामिल पहले गैर-अमेरिकी नागरिक हैं।

मिशन के दौरान एक महत्वपूर्ण चरण तब आया जब यान चंद्रमा के पीछे से गुजरा और लगभग 40 मिनट तक पृथ्वी से उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया। इस दौरान मिशन कंट्रोल में सन्नाटा छा गया, लेकिन यान के सुरक्षित बाहर निकलते ही राहत और तालियों की गूंज सुनाई दी।

अंतरिक्ष यात्रियों ने चंद्रमा के दूरस्थ हिस्से की तस्वीरें लीं और कई भूगर्भीय संरचनाओं का अध्ययन किया। उन्होंने पृथ्वी के प्रति अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अंतरिक्ष से धरती को देखना एक भावनात्मक और अविस्मरणीय अनुभव था। यह मिशन भविष्य के आर्टेमिस अभियानों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।