Himachal

70 साल से ऊपर के पेंशनरों का एरियर 40 दिन में, सीएम सुक्खू ने की घोषणा

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए कहा है कि 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों का पूरा एरियर अगले 40 दिनों के भीतर जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगले तीन से चार महीनों के भीतर पेंशनरों के प्रतिनिधियों के साथ सरकार बैठक करेगी और सभी निर्णय आपसी संवाद के बाद ही लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से लंबित एरियर को लेकर बजट से पहले गंभीरता से विचार किया जाएगा और सरकार का प्रयास है कि 2027 तक पूरा एरियर भुगतान कर दिया जाए। वर्ष 2026-27 में भी इसके लिए अतिरिक्त राशि जारी करने की कोशिश होगी। संशोधित ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट का भुगतान भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सुक्खू बुधवार को बिलासपुर जिले के घुमारवीं में हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त फ्रंट द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय पेंशनर्स दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पहले घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 69 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए। इनमें टिकरी वार्ड में बहुउद्देशीय खेल परिसर की आधारशिला, घुमारवीं पुलिस थाना के नए भवन का उद्घाटन और स्टाफ क्वार्टर का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करेंगी। उन्होंने मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर भी चिंता जताई और कहा कि यह योजना ग्रामीणों के लिए रोजगार की गारंटी है, जिसे खत्म करना हिमाचल के लिए दुर्भाग्यपूर्ण होगा।