National

आतंक पर आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी का बड़ा बयान – “सिंदूर ऑपरेशन था सिर्फ ट्रेलर , पूरी पिक्चर शुरू भी नहीं हु़ई”

कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ एक झलक भर थी, असली क्षमता तो अभी दिखाई ही नहीं गई है। उनका कहना था कि भारत की नीति स्पष्ट है—आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों को बेझिझक और सीधा जवाब दिया जाएगा।

दिल्ली के मानक शाॅ सेंटर में आयोजित डिफेंस डायलॉग कार्यक्रम में जनरल द्विवेदी ने सुरक्षा, कूटनीति और पड़ोसी देशों के साथ संबंधों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जब भी आतंकवाद की राह अपनाता है, उसे लेकर भारत की चिंता स्वाभाविक है। भारत उन्नति और शांति की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है, लेकिन अगर कोई बाधा उत्पन्न करता है, तो उस बाधा को दूर करना भी आवश्यक हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आतंकियों और उनके समर्थकों के खिलाफ भारत की कार्रवाई किसी भी हालत में रुकेगी नहीं।

जनरल द्विवेदी ने यह भी माना कि बीते एक वर्ष में राजनीतिक नेतृत्व के बीच संवाद बढ़ने से कई मोर्चों पर सकारात्मक बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा कि कूटनीतिक और सैन्य शक्ति मिलकर ही प्रभावी ‘स्मार्ट पावर’ बनाती हैं, और भारतीय सेना इस दिशा में सीखने और आगे बढ़ने को तैयार है।

मणिपुर की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने आशा जताई कि परिस्थितियाँ सुधर रही हैं और हालात बेहतर बने रहे तो राष्ट्रपति भी राज्य का दौरा कर सकते हैं। वहीं भारत-चीन संबंधों में बदलाव पर उन्होंने बताया कि पिछले अक्टूबर से नेताओं के बीच वार्तालाप के बाद सीमाई हालात और आपसी समझ में सुधार देखने को मिला है।जनरल द्विवेदी के बयान साफ संकेत देते हैं कि भारत शांति चाहता है, लेकिन किसी भी खतरे का जवाब देने में बिल्कुल पीछे नहीं हटेगा।