National World

थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी यूएई दौरे पर हुए रवाना

भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के आधिकारिक दौरे पर रवाना हो गए हैं। यह यात्रा भारत और यूएई के बीच बढ़ते रणनीतिक और रक्षा संबंधों को और मजबूती देने के लिए अहम मानी जा रही है। दौरे के दौरान जनरल द्विवेदी यूएई के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और रक्षा नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। चर्चा का मुख्य फोकस सैन्य-स्तरीय संवाद, संयुक्त प्रशिक्षण, रक्षा प्रौद्योगिकी सहयोग और क्षमता निर्माण पर होगा। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच आपसी समझ और साझा हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है।

हाल ही में भारत और यूएई की सेनाओं ने संयुक्त सैन्य अभ्यास डेजर्ट साइक्लोन–2 सफलतापूर्वक सम्पन्न किया था। इस अभ्यास में शहरी युद्धक तकनीक, इमारतों की क्लीयरेंस, आईईडी अवेयरनेस, हेलिबोर्न ऑपरेशंस और प्राथमिक उपचार जैसी रणनीतियों का अभ्यास किया गया।   रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, थलसेना प्रमुख का यह दौरा भारत-यूएई के बीच रक्षा सहयोग की निरंतरता को मजबूत करेगा और आने वाले समय में दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देगा।