भारतीय सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। इंडियन आर्मी ने अग्निवीर और जूनियर कमीशंड ऑफिसर/अन्य रैंकों की भर्ती के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (Army CEE 2026) के ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में 8वीं से 12वीं पास तक के अभ्यर्थी अलग-अलग पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। जनरल ड्यूटी के लिए 10वीं में 45% अंक जरूरी हैं, जबकि टेक्निकल पदों के लिए 12वीं में 50% अंक अनिवार्य हैं। क्लर्क और स्टोरकीपर पदों के लिए 60% अंक के साथ इंटरमीडिएट पास होना आवश्यक है। ट्रेड्समैन पदों पर 8वीं या 10वीं पास युवा भी आवेदन कर सकते हैं। मिलिट्री पुलिस के लिए भी 10वीं में 45% अंक तय किए गए हैं।
आवेदकों की उम्र 17.5 से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सभी श्रेणियों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल टेस्ट शामिल होंगे, जिसके आधार पर अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।









