टेक दिग्गज Apple ने अपने लैपटॉप पोर्टफोलियो को और बड़ा करते हुए एक नया बजट-फ्रेंडली मॉडल पेश किया है, जिसका नाम MacBook Neo है। यह कंपनी का अब तक का सबसे सस्ता मैकबुक माना जा रहा है और इसे खासतौर पर उन यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया गया है जो कम कीमत में प्रीमियम मैकबुक अनुभव चाहते हैं।
नए मैकबुक नियो में 13-इंच का लिक्विड रेटिना डिस्प्ले दिया गया है, जो शार्प विजुअल और बेहतर कलर क्वालिटी का अनुभव देता है। यह लैपटॉप कंपनी के शक्तिशाली A18 Pro chip पर काम करता है, जिसका इस्तेमाल iPhone 16 Pro और iPhone 16 Pro Max जैसे प्रीमियम स्मार्टफोन्स में भी किया गया है। कंपनी के मुताबिक यह चिप रोजमर्रा के कामों में कई पारंपरिक विंडोज लैपटॉप्स की तुलना में ज्यादा तेज प्रदर्शन देने में सक्षम है, जबकि एआई आधारित टास्क में इसकी स्पीड और बेहतर हो जाती है।
डिजाइन की बात करें तो MacBook Neo को चार रंगों — ब्लश, सिट्रस, इंडिगो और सिल्वर — में पेश किया गया है। इसमें मल्टी-टच ट्रैकपैड के साथ मैजिक कीबोर्ड दिया गया है और सिक्योरिटी के लिए टच आईडी सपोर्ट भी मौजूद है। लैपटॉप में 1080p फेसटाइम एचडी कैमरा, वॉयस आइसोलेशन माइक्रोफोन मोड और डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट वाला डुअल स्पीकर सिस्टम मिलता है, जो वीडियो कॉल और एंटरटेनमेंट दोनों को बेहतर बनाता है।
स्टोरेज के मामले में यह डिवाइस 8GB रैम के साथ 256GB और 512GB SSD विकल्प में उपलब्ध है। हालांकि इसमें रैम अपग्रेड करने का विकल्प नहीं दिया गया है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 6E, ब्लूटूथ 6, दो USB-C पोर्ट और 3.5mm हेडफोन जैक शामिल हैं।
भारत में MacBook Neo की शुरुआती कीमत 69,900 रुपये रखी गई है, जबकि 512GB वेरिएंट की कीमत 79,900 रुपये है। छात्रों को कंपनी की ओर से 10,000 रुपये तक का एजुकेशन डिस्काउंट भी दिया जा रहा है। इसकी प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है और बिक्री 11 मार्च से शुरू होगी। यह नया लैपटॉप बजट सेगमेंट में आने वाले विंडोज पीसी और क्रोमबुक डिवाइसों को सीधी चुनौती दे सकता है।









