एशिया कप 2025 के बीच टीम इंडिया को नया जर्सी स्पॉन्सर मिल गया है. टायर निर्माता कंपनी अपोलो टायर ने ड्रीम 11 को पीछे छोड़ते हुए यह बड़ी डील अपने नाम की है. अपोलो टायर और BCCI के बीच यह करार 2027 तक के लिए हुआ है, जिसमें टीम इंडिया करीब 130 इंटरनेशनल मैच खेलेगी.
रिपोर्ट्स के अनुसार, अपोलो टायर एक मैच के लिए लगभग 4.5 करोड़ रुपये देगा, जो कि ड्रीम 11 की पिछली डील (4 करोड़/मैच) से 50 लाख रुपये अधिक है. इस डील की बिडिंग 16 सितंबर 2025 को हुई थी, जबकि BCCI ने इसके लिए 2 सितंबर को आवेदन मांगे थे. स्पॉन्सरशिप की दौड़ में कैनवा और जेके टायर भी शामिल थे, लेकिन अपोलो ने इन दोनों को पछाड़ दिया. वहीं, बिरला ऑप्टस पेंट्स ने भी रुचि दिखाई थी, लेकिन बोली प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया.
BCCI ने बिडिंग से पहले स्पष्ट किया था कि गेमिंग, क्रिप्टो, टोबैको, बेटिंग, बैंकिंग और फाइनेंशियल कंपनियां इस प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सकतीं. फिलहाल टीम इंडिया एशिया कप में बिना किसी जर्सी स्पॉन्सर के खेल रही है. हालांकि, अपोलो टायर का लोगो भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी पर एशिया कप के बाद दिखाई देगा. यह डील न सिर्फ आर्थिक रूप से बड़ी है, बल्कि यह BCCI के ब्रांड वैल्यू और टीम इंडिया की वैश्विक लोकप्रियता को भी दर्शाती है.









