आंध्र प्रदेश के बापतला जिले के बल्लीकुरवा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक ग्रेनाइट खदान में भारी शिलाखंड (बोल्डर) गिरने से छह मज़दूरों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, सत्य कृष्णा ग्रेनाइट खदान में 16 मज़दूर काम कर रहे थे, जब अचानक एक पहाड़ी से विशाल पत्थर लुढ़क कर उन पर गिर गया। हादसे में छह मज़दूरों की मौके पर ही मौत हो गई। अब तक चार शवों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि दो अन्य के शवों को निकालने का कार्य जारी है।
घायल मज़दूरों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक मज़दूर ओडिशा राज्य के निवासी थे। राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को तुरंत और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए हैं।
