National Politics West Bengal

कोलकाता में अमित शाह का ममता सरकार पर तीखा प्रहार, 2026 में दो-तिहाई बहुमत का दावा

पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी तेज होती जा रही है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने अवैध घुसपैठ, भ्रष्टाचार और कुशासन को लेकर ममता बनर्जी सरकार को घेरते हुए कहा कि यदि राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है तो ऐसी मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी कि “परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा।” अमित शाह ने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी पश्चिम बंगाल में दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। उन्होंने पार्टी की चुनावी प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 में जहां बीजेपी को केवल 17 प्रतिशत वोट मिले थे, वहीं 2019 में यह आंकड़ा 41 प्रतिशत तक पहुंच गया। 2021 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 77 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस और वाम दल सिमट गए।

घुसपैठ के मुद्दे पर शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार की निगरानी में यह समस्या बढ़ी है और इसे रोकने के लिए एक राष्ट्रवादी सरकार जरूरी है। साथ ही उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण केंद्र की योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। अमित शाह ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल बीजेपी के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि पार्टी की स्थापना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीजेपी सरकार बनने पर विकास, संस्कृति और गरीब कल्याण को नई दिशा दी जाएगी।