National

पश्चिम एशिया तनाव के बीच रूस से LPG खरीदेगा भारत, सरकार ने दिए संकेत

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक कच्चे तेल और एलपीजी आपूर्ति पर दबाव बढ़ा दिया है। भारत में भी एलपीजी की उपलब्धता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस बीच विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत एलपीजी की खरीद के लिए हर संभव विकल्प पर ध्यान दे रहा है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत जहां-जहां से एलपीजी उपलब्ध होगा, वहां से खरीद करने का प्रयास करेगा, और इसमें रूस भी शामिल हो सकता है। उनका कहना था कि सरकार सुनिश्चित करना चाहती है कि देशवासियों की ईंधन जरूरतें पूरी हों।

जायसवाल ने खाड़ी क्षेत्र में तेल और गैस की अवसंरचना पर हुए हमलों को भी अत्यंत चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा कहा है कि नागरिक और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। हालिया हमले, जिनमें ईरान और अमेरिका-इजरायल की कार्रवाइयां शामिल हैं, पूरे विश्व के ऊर्जा परिदृश्य को और अस्थिर बना रहे हैं। भारत ने इन हमलों को अस्वीकार्य करार देते हुए तुरंत रोकने की मांग की है।

विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोलियम मंत्रालय एलपीजी की आपूर्ति और अन्य विकल्पों की विस्तृत जानकारी देगा। इस समय भारत की प्राथमिकता अपने नागरिकों और उद्योगों की ऊर्जा जरूरतों को निरंतर सुनिश्चित करना है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और ऊर्जा स्थिरता बनाए रखना सरकार की मुख्य चिंता बनी हुई है, ताकि घरेलू बाजार में आपूर्ति में कोई व्यवधान न आए।