National

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच LPG सप्लाई पर दबाव, सरकार बोली—घबराने की जरूरत नहीं

ईरान-इजरायल तनाव के कारण मिडिल ईस्ट में बने हालात का असर भारत में एलपीजी आपूर्ति पर देखने को मिल रहा है। खासकर कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी से होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड कारोबारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्थिति नियंत्रण में है और घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा के अनुसार, हाल ही में हॉर्मुज मार्ग से गैस टैंकर भारत पहुंचे हैं, जिससे सप्लाई में सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है, लेकिन एलपीजी को लेकर अभी भी कुछ दबाव बना हुआ है। गैस एजेंसियों पर भीड़ कम हुई है और पैनिक बुकिंग में लगभग 40% की गिरावट आई है।

13 मार्च को जहां बुकिंग 87.7 लाख तक पहुंच गई थी, वहीं 18 मार्च तक यह घटकर करीब 56-57 लाख रह गई। ऑनलाइन बुकिंग बढ़कर 94% तक पहुंच गई है। सरकार ने उपभोक्ताओं से जहां संभव हो, पीएनजी अपनाने की अपील भी की है।

कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल सीमित है और जरूरत का लगभग 20% ही उपलब्ध हो पा रहा है। सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी है। इस बीच कालाबाजारी रोकने के लिए देशभर में छापेमारी तेज की गई है और कई जगह कार्रवाई भी हुई है। सरकार का कहना है कि स्थिति चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन नियंत्रण में है और सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।