National Uttar Pradesh

गोरखपुर की घटना पर भड़के अखिलेश यादव, बोले–कानून-व्यवस्था ध्वस्त

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर के जंगलधूसड़ गांव पशु तस्करों के मुठभेड़ में एक NEET अभ्यर्थी की मौत पर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है.  अखिलेश ने कहा कि इस घटना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विधानसभा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की ध्वस्तता को उजागर किया है. अखिलेश यादव ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में एक व्यापारी की हत्या सहित लगातार अपराध हो रहे हैं.

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “गोरखपुर में शासनिक-प्रशासनिक मिलीभगत से सत्ता संरक्षित पशु तस्करों के ख़िलाफ़ जनता का जो गुस्सा फूटा है उसकी ज़िम्मेदार भाजपा सरकार ख़ुद है. जिन पशु तस्करों ने युवक की जान ले ली है उनको बचाने के लिए पुलिस आएगी तो तस्करी के इस कुकृत्य में सत्ताधारियों की साँठगाँठ का भंडाफोड़ होगा ही और जनता आक्रोशित भी होगी”.

अखिलेश यादव ने आगे कहा, “अगर उप्र के ‘मुख्यनगर’ में ऐसा हो रहा है तो इसका मतलब है कि इस गोरखधंधे में किसी की मुख्य साझेदारी है या उसके हाथ से ये नगर भी निकल गया है और पूरे उप्र की तरह यहाँ भी अपराध चरम पर है और यहाँ भी अपराधियों का ही सिक्का चल रहा है. दोनों हालातों में ये ‘मुख्य नाकामी’ है. मृतक के पीड़ित परिजनों को न्याय मिले. भाजपा जाए तो इंसाफ़ आए!”