समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान से उनके रामपुर स्थित आवास पर मुलाकात की. यह दोनों नेताओं की करीब 23 महीने बाद पहली मुलाकात है, क्योंकि आज़म खान हाल ही में 22 सितंबर को सीतापुर जेल से रिहा हुए हैं. अखिलेश यादव का कार्यक्रम पहले मुरादाबाद से था, लेकिन प्रशासन से अनुमति न मिलने के कारण वह बरेली एयरपोर्ट से सीधे रामपुर पहुंचे.
रामपुर में आज़म खान ने उन्हें गले लगाकर गर्मजोशी से स्वागत किया और दोनों नेता एक ही कार से उनके आवास पहुंचे. मुलाकात को लेकर आज़म खान ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह सिर्फ अखिलेश यादव से ही मिलेंगे और किसी अन्य से नहीं.
यह मुलाकात उस समय हो रही है जब अटकलें लगाई जा रही थीं कि आज़म खान बसपा में शामिल हो सकते हैं. हालांकि, आज़म ने इन अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि वह समाजवादी पार्टी में ही बने रहेंगे. उन्होंने कहा, “हम बिकाऊ नहीं हैं, हमने यह साबित कर दिया है.”
हाल ही में, आज़म खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से कई मामलों में ज़मानत मिल चुकी है। इनमें क्वालिटी बार जमीन विवाद और जबरन बेदखली से जुड़े मामले शामिल हैं. पिछले वर्षों में उनके खिलाफ कुल 16 एफआईआर दर्ज हुई थीं, जिनमें से कुछ में उन्हें बरी भी किया गया है. इस मुलाकात से सपा में एकता और आज़म खान की वापसी के संकेत माने जा रहे हैं.









