28 जनवरी को हुई लीयरजेट विमान दुर्घटना, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी, अब नए विवाद का कारण बन गई है। इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने विमानन कंपनी वीएसआर वेंचर्स के मालिक वी.के. सिंह के बयान पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
अपराध अन्वेषण विभाग (CID) ने हाल ही में वी.के. सिंह से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सिंह ने दुर्घटना के लिए पायलट की गलती को जिम्मेदार बताया है। हालांकि रोहित पवार ने इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब तक ब्लैक बॉक्स की आधिकारिक रिपोर्ट सामने नहीं आती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए पूछा कि यदि ब्लैक बॉक्स से जुड़ी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं हुई है, तो वी.के. सिंह को इतने कम समय में यह कैसे पता चल गया कि हादसा पायलट की गलती से हुआ। उनका कहना है कि इस तरह के बयान देकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की जा रही है।
रोहित पवार ने यह भी कहा कि जांच एजेंसियों की चुप्पी से लोगों के मन में संदेह पैदा हो रहा है। कभी कहा जाता है कि विमान का ब्लैक बॉक्स जल गया, तो कभी दावा किया जाता है कि उसका डेटा सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक जांच एजेंसियां ठोस और आधिकारिक जानकारी साझा नहीं करतीं, तब तक अफवाहों और अपुष्ट दावों से बचना चाहिए। यह हादसा अब केवल दुर्घटना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।









