ओडिशा के संबलपुर से परीक्षा व्यवस्था को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया हैं। यहाँ होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए किसी स्कूल या कॉलेज को नहीं, बल्कि एक हवाई पट्टी को ही परीक्षा केंद्र बना दिया गया। कुल 187 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती परीक्षा में करीब 8,000 उम्मीदवार शामिल हुए। आमतौर पर ऐसी परीक्षाएँ स्कूल, कॉलेज या निर्धारित परीक्षा भवनों में कराई जाती हैं, लेकिन हवाई पट्टी जैसी खुली जगह पर परीक्षा आयोजित होना प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहा है।
तेज़ धूप, खुले वातावरण और सीमित सुविधाओं के बीच परीक्षा देने को मजबूर अभ्यर्थियों की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वीडियो फुटेज में परीक्षार्थी खुली हवाई पट्टी पर ज़मीन पर बैठकर परीक्षा दे रहे हैं। उनके हाथों में प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाएं थीं, जबकि आसपास कोई पारंपरिक परीक्षा केंद्र जैसी व्यवस्था नज़र नहीं आई। मामले पर अब प्रशासनिक सफ़ाई और जवाबदेही का इंतज़ार है।









