National

भीषण बर्फीले तूफान के चलते एयर इंडिया ने न्यूयॉर्क-नेवार्क की उड़ानें रद्द कीं

Air India ने रविवार को घोषणा की कि 23 फरवरी को न्यूयॉर्क और नेवार्क के लिए आने-जाने वाली उसकी सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। कंपनी ने यह फैसला अमेरिका के पूर्वी तट पर संभावित भीषण शीतकालीन तूफान और भारी बर्फबारी की चेतावनी के मद्देनजर लिया है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 और 23 फरवरी को न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बर्फबारी हो सकती है, जिससे हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि उत्तर-पूर्वी अमेरिका में लगभग तीन करोड़ लोगों को तूफान की चेतावनी दी गई है और एक हजार से अधिक उड़ानें पहले ही रद्द की जा चुकी हैं। बड़े पैमाने पर बिजली कटौती और सड़क यातायात बाधित होने की भी संभावना जताई जा रही है।

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर Zohran Mamdani ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों में सुरक्षित रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि यह तूफान पिछले महीने आए बर्फीले तूफान से भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है। एयर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।