मिडल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान-अमेरिका के बीच संभावित सैन्य टकराव के चलते यूरोप की प्रमुख एयरलाइंस ने सुरक्षा कारणों से उड़ानें रद्द कर दी हैं। फ्रांस की Air France और नीदरलैंड की KLM ने इजरायल, दुबई और सऊदी अरब के लिए अपने वीकेंड फ्लाइट शेड्यूल को स्थगित किया है। दोनों एयरलाइंस एक ही होल्डिंग कंपनी Air France-KLM के तहत संचालित होती हैं और उन्होंने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी बीच जर्मनी की लुफ्थांसा ग्रुप ने भी कड़े कदम उठाए हैं। लुफ्थांसा और उसकी सहयोगी एयरलाइंस-SWISS, ऑस्ट्रियन एयरलाइंस, ब्रुसेल्स एयरलाइंस और यूरोविंग्स-ने जनवरी के अंत तक इजरायल के लिए सभी नाइट फ्लाइट्स रद्द कर दी हैं।
आने वाले 48 घंटे इस क्षेत्र के लिए निर्णायक माने जा रहे हैं। यदि तनाव कम नहीं हुआ, तो खाड़ी देशों के हवाई संपर्क पर असर पड़ सकता है। फिलहाल, न यूरोपीय विमानन अधिकारियों और न ही इजरायली एयरवेज ने कोई विशेष सुरक्षा चेतावनी जारी की है। इज़राइल डिफेंस फोर्सेस ने भी नागरिकों के लिए कोई नए निर्देश नहीं दिए हैं। एयरलाइंस हालात पर नजर बनाए हुए हैं और भविष्य में सुरक्षा स्थिति के आधार पर आगे के निर्णय लिए जाएंगे।









