Politics West Bengal

बंगाल चुनाव से पहले अमित शाह का मिशन मोड दौरा, कार्यकर्ताओं संग करेंगे सीधा संवाद

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा की चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे शाह दक्षिण और उत्तर बंगाल में अलग-अलग बैठकों के जरिए संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम करेंगे।

शनिवार को सुबह 11 बजे शाह बैरकपुर में कार्यकर्ताओं की बड़ी बैठक को संबोधित करेंगे, जहां वे दक्षिण बंगाल के कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने और बूथ स्तर तक तैयारियों को मजबूत करने का संदेश देंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे वे बागडोगरा रवाना होंगे, जहां उत्तर बंगाल के पार्टी नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे।

भाजपा उत्तर बंगाल को अपना मजबूत गढ़ मानती है, जबकि दक्षिण बंगाल में पकड़ बढ़ाने की कोशिश कर रही है। शाह की बैठकों में उम्मीदवार चयन, बूथ प्रबंधन और पिछली बार करीबी मुकाबले वाली सीटों की रणनीति पर खास फोकस रहेगा। गौरतलब है कि एक महीने के भीतर शाह का यह दूसरा बंगाल दौरा है, जो साफ संकेत देता है कि पार्टी चुनाव को लेकर मिशन मोड में काम कर रही है।