National

बरसात के बाद उत्तरी भारत में ठंड तेज, दक्षिण में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

उत्तर भारत में बरसात के बाद तापमान तेजी से गिर रहा है और कई इलाके कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गए हैं। कश्मीर घाटी में पारा कई जगहों पर जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। श्रीनगर में सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जहाँ तापमान माइनस 3.2 डिग्री रहा। घाटी में शोपियां सबसे ठंडा रहा, जहाँ पारा माइनस 5.1 डिग्री तक गिर गया। पुलवामा में तापमान माइनस 5 डिग्री, अनंतनाग में माइनस 4 डिग्री और पर्यटन स्थल गुलमर्ग में माइनस 1.9 डिग्री दर्ज हुआ। लद्दाख से जुड़ने वाले जोजिला पास में तापमान गिरकर माइनस 16 डिग्री हो गया है।

पंजाब और हरियाणा में भी ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा के नारनौल में पारा 7.8 डिग्री रहा। चंडीगढ़ और बठिंडा में तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। इधर, पश्चिम बंगाल में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट की संभावना है। दार्जिलिंग 5.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी में बने अवसाद के कारण पुडुचेरी, कराईकल और तमिलनाडु के तटीय जिलों में भारी बारिश जारी है। स्कूल–कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और कई क्षेत्रों में यलो व ऑरेंज अलर्ट लागू है। केरल के सात जिलों में भी तेज बारिश दर्ज की गई।