National Politics

“अफगान तालिबान को अपनाया, भारत के मुसलमानों को हाशिए पर डाला जा रहा”: महबूबा मुफ्ती

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने केंद्र की भाजपा-नीत सरकार पर तीखा हमला करते हुए उसे दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि एक तरफ भारत में मुसलमानों को “लव जिहाद”, “जमीन जिहाद”, “गाय जिहाद” जैसे नारों के जरिए निशाना बनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर तालिबान-शासित अफगानिस्तान से रिश्ते मजबूत किए जा रहे हैं.

महबूबा की यह टिप्पणी उस वक्त आई है जब अफगान विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी भारत दौरे पर हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ाने की दिशा में चर्चा हो रही है. उन्होंने तंज कसते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को “बुलडोजर बाबा” कहते हुए कहा कि उन्हें यह विरोधाभास जरूर सुनाई देना चाहिए.

एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने भाजपा पर मुस्लिम छात्रों की छात्रवृत्तियाँ बंद करने और मदरसों पर कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने सवाल उठाया कि भारत अफगान छात्रों को छात्रवृत्ति देकर उनके देश के पुनर्निर्माण में मदद करना चाहता है, लेकिन अपने देश के अल्पसंख्यक छात्रों की शिक्षा से क्यों पीछे हट रहा है? महबूबा मुफ्ती ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति जरूरी है, लेकिन एक स्थिर और समरस समाज की नींव देश के भीतर अल्पसंख्यकों के साथ सम्मान, समानता और भरोसे पर ही टिकती है. सरकार को अपनी नीतियों की समीक्षा करनी चाहिए.