हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक स्तर पर अहम फेरबदल करते हुए दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। सरकार ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रधान सचिव डी. सुरेश से यह विभाग वापस लेकर 1990 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. राजा शेखरू वुंडरू को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। वुंडरू के पास परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का कार्यभार पहले की तरह बना रहेगा।
वहीं, डॉ. राजा शेखरू वुंडरू से मत्स्य पालन विभाग लेकर डी. सुरेश को इस विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन के रेजिडेंट कमिश्नर का अतिरिक्त कार्यभार भी डी. सुरेश के पास यथावत रहेगा। इसी क्रम में सरकार ने 2022 बैच के आईएएस और थानेसर के एसडीएम शास्वत सांगवान का तबादला करते हुए उन्हें स्वच्छ भारत मिशन (अर्बन) का नया मिशन डायरेक्टर नियुक्त किया है। इस पद पर अब तक 2019 बैच के आईएएस जयदीप कुमार तैनात थे।









