Religion Uttrakhand

8 मई से शुरू होगी आदि कैलाश यात्रा, KMVN ने जारी किए रूट और किराये की जानकारी

प्रसिद्ध आदि कैलाश यात्रा इस वर्ष 8 मई से शुरू होने जा रही है। कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) की ओर से आयोजित इस यात्रा को इस बार तीन अलग-अलग स्थानों—हल्द्वानी, टनकपुर और धारचूला—से संचालित किया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह यात्रा आध्यात्मिक आस्था के साथ हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता का अनूठा अनुभव भी लेकर आती है। केएमवीएन के महाप्रबंधक विनीत तोमर के अनुसार पहली यात्रा 8 मई को हल्द्वानी से शुरू होगी और इसकी अवधि आठ दिन की होगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को पिथौरागढ़, धारचूला, ओम पर्वत और आदि कैलाश के दर्शन कराए जाएंगे। वापसी के समय यात्रियों को चौकोड़ी, पाताल भुवनेश्वर, गंगोलीहाट, जागेश्वर, अल्मोड़ा, कैंची धाम और भीमताल जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों से होते हुए हल्द्वानी लाया जाएगा।

दूसरी यात्रा 9 मई से टनकपुर से शुरू होगी, जिसकी अवधि छह दिन की होगी। इस मार्ग में यात्रियों को सीधे आदि कैलाश तक ले जाया जाएगा। वहीं तीसरी यात्रा 10 मई से धारचूला से शुरू की जाएगी। इस साल कुल 15 दलों के माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा कराई जाएगी। केएमवीएन ने बताया कि यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए आवास, भोजन, स्थानीय परिवहन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रद्धालु इस यात्रा के लिए केएमवीएन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। यात्रा के किराये की बात करें तो हल्द्वानी से यात्रा का शुल्क लगभग 45 हजार रुपये, टनकपुर से 42 हजार रुपये और धारचूला से करीब 35 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इस शुल्क में रहने, खाने और स्थानीय परिवहन की सुविधाएं शामिल होंगी।