National

पाकिस्तान की कैद में रहे अभिनंदन का नया सफर, IAF के बाद प्राइवेट एयरलाइन से जुड़े

2019 के भारत-पाकिस्तान हवाई संघर्ष के दौरान साहस और अदम्य हौसले की मिसाल बने ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने अपने करियर में एक नया अध्याय शुरू किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय वायुसेना से विदाई लेने के बाद वह अब निजी विमानन कंपनी Fly91 से जुड़ गए हैं। हालांकि, उनकी नई भूमिका को लेकर अभी तक अभिनंदन या भारतीय वायुसेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों से मिली जानकारी में बताया गया है कि अभिनंदन ने 31 मार्च को भारतीय वायुसेना की सेवा से विदाई ली। इसके बाद उन्होंने Fly91 में काम शुरू किया। एयरलाइन ने भी उनकी नियुक्ति से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक करने से इनकार किया है। गोवा स्थित Fly91 ने मार्च 2024 में अपना परिचालन शुरू किया था। क्षेत्रीय हवाई संपर्क पर केंद्रित इस एयरलाइन के बेड़े में ATR 72-600 विमान शामिल हैं और इसके प्रमुख परिचालन केंद्र गोवा व हैदराबाद में हैं।

अभिनंदन वर्धमान 2019 में उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने MiG-21 Bison से पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया था। इस दौरान उनका विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया और वह पाकिस्तान की सीमा में जा गिरे। पाकिस्तानी सेना की हिरासत में करीब 60 घंटे रहने के बाद उन्हें भारत वापस लाया गया था। अब निजी विमानन क्षेत्र में उनका कदम उनके पेशेवर जीवन की नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।