पंजाब के सन्नौर से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत पठानमाजरा एक बड़े विवाद में फंस गए हैं. रेप केस में गिरफ्तार किए गए विधायक पुलिस हिरासत से फरार हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार किए गए हरमीत को पुलिस जब थाने ला रही थी, तभी उनके साथियों ने फायरिंग की, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया.
हरमीत ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और स्कार्पियो गाड़ी में फरार हो गए. पुलिस ने उनकी एक गाड़ी (फॉर्च्यूनर) जब्त कर ली है, लेकिन विधायक अभी भी फरार हैं. हरमीत की गिरफ्तारी एक महिला द्वारा लगाए गए रेप के आरोप के आधार पर हुई थी. गिरफ्तारी से पहले उन्होंने अपनी ही पार्टी और सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई है और उन्हें इस तरह की कार्रवाई की आशंका थी.
विधायक ने हाल ही में पंजाब में आई बाढ़ और टांगरी नदी की सफाई जैसे मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा था. उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और जल संसाधन विभाग के प्रमुख पर अपने क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया था. उन्होंने यह भी कहा था कि अगर सच बोलने के लिए पार्टी उन्हें निकालती है, तो भी वह अपने लोगों के लिए आवाज उठाते रहेंगे.









