मध्य प्रदेश के जबलपुर में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरातफरी मचा दी। बरेला हाईवे रोड पर तेज रफ्तार एक सफेद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे मजदूरों पर चढ़ गई। हादसे में दो महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एकता चौक के पास सड़क डिवाइडर की सफाई और पेंटिंग का कार्य चल रहा था। करीब दो दर्जन मजदूर काम के दौरान दोपहर में सड़क किनारे बैठकर भोजन कर रहे थे। तभी तेज गति से आ रही कार अचानक बेकाबू हो गई और मजदूरों को कुचलते हुए आगे निकल गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक महिलाओं की पहचान 40 वर्षीय लच्छू बाई और चेनवती के रूप में हुई है, जो मंडला जिले के आसपास के गांवों की रहने वाली थीं।
पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश के लिए इलाके में नाकाबंदी की गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।









