राष्ट्रीय राजधानी में फिल्म और मीडिया उद्योग को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रसार भारती और दिल्ली सरकार के बीच आज एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) साइन किया जाएगा, जिसके तहत दिल्ली में एक आधुनिक फिल्म सिटी विकसित की जाएगी। इसके लिए केंद्र सरकार करीब 486 एकड़ जमीन उपलब्ध कराएगी। यह करार भारत मंडपम में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दौरान संपन्न होगा।
अब तक फिल्म निर्माण के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा को प्रमुख हब के रूप में विकसित किया जा रहा था, लेकिन दिल्ली में फिल्म सिटी बनने से एनसीआर क्षेत्र को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। यह प्रोजेक्ट न केवल फिल्म शूटिंग बल्कि एडिटिंग, एनीमेशन, डिजिटल कंटेंट और मीडिया प्रोडक्शन के लिए भी एक समग्र केंद्र के रूप में काम करेगा।
देश में फिल्म उद्योग लगातार विस्तार कर रहा है। रामोजी फिल्म सिटी जैसे बड़े स्टूडियो पहले ही अपनी पहचान बना चुके हैं, वहीं क्षेत्रीय फिल्म इंडस्ट्री—जैसे भोजपुरी और पंजाबी सिनेमा—भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
इस बीच, यमुना एक्सप्रेसवे के पास प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी का काम अभी धीमी गति से चल रहा है। हालांकि, दिल्ली में नए प्रोजेक्ट की घोषणा से फिल्म और मीडिया सेक्टर को नई ऊर्जा मिलेगी।विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के प्रोजेक्ट्स से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और भारत को ग्लोबल एंटरटेनमेंट हब बनाने में मदद मिलेगी।









