Maharashtra

नवी मुंबई में भीषण आग, 6 साल की बच्ची समेत 4 लोगों की मौत

नवी मुंबई के वाशी सेक्टर-14 स्थित रायजा रेजीडेंसी हाउसिंग सोसाइटी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 6 वर्षीय वेदिका सुंदर बालाकृष्णन, 84 वर्षीय कमला हीरल जैन, 44 वर्षीय सुंदर बालाकृष्णन और 39 वर्षीय पूजा राजन के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, आग इमारत की 10वीं मंजिल पर लगी और थोड़ी ही देर में ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था।

फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर भेजा गया और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। सोसाइटी के अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नवी मुंबई की यह घटना उस हादसे के एक दिन बाद हुई है जिसमें मुंबई के कफ परेड इलाके में आग लगने से 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई थी। वह आग सोमवार तड़के लगी थी और करीब 20 मिनट में बुझा दी गई थी। उस घटना में इलेक्ट्रिक वायरिंग, इंस्टॉलेशन, तीन ईवी बैटरियां और घरेलू सामान जल गए थे, हालांकि आस-पास के घरों को कोई नुकसान नहीं हुआ था।